नई राजनीतिक व्यवस्था में अपराध नियंत्रण की गारंटी

22 अप्रैल प्रातःकालीन सत्र।
हम नई राजनीतिक व्यवस्था में अपराध नियंत्रण की पूरी गारंटी देंगे। इसी के अंतर्गत हमने मिलावट, कम तौलना और किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी रोकने की गारंटी दी है। स्पष्ट है कि हम मिलावट को नहीं रोकेंगे, हम कम तौलने को नहीं रोकेंगे, हम रोकेंगे सिर्फ धोखाधड़ी को।

अर्थात हम मिलावट या कम तौलना सिर्फ उसी स्थिति में मानेंगे, जब बेचने वाले व्यक्ति ने उसकी शुद्धता की और नाप-तौल की गारंटी दी हो। अन्यथा, आप यदि खुला सामान खरीदते हैं और बेचने वाले ने शुद्धता की गारंटी नहीं दी है, ऐसी स्थिति में उसे मिलावट नहीं माना जाएगा। खरीदने वाले को भी उतना ही सावधान रहना चाहिए जितना बेचने वाले को।

इसलिए हम धोखाधड़ी और जालसाजी को ही अपराध मानेंगे, मिलावट और कम तौलने को नहीं। इसी तरह वर्तमान समय में डिजिटल अरेस्ट हो रहे हैं, बैंकों में धोखाधड़ी हो रही है, अन्य अनेक मामलों में जालसाजी हो रही है। हम इस प्रकार की किसी भी जालसाजी को रोकने की पूरी गारंटी देंगे।

कोई भी व्यक्ति किसी भी परिस्थिति में धोखाधड़ी और जालसाजी का सहारा नहीं ले सकेगा। यदि ऐसा कुछ होता है, तो हम उस जालसाजी करने वाले और उसके पूरे परिवार को दंडित करेंगे, क्योंकि जो व्यक्ति जालसाजी करेगा, वह अपने पास तो रख नहीं सकता; वह सारी संपत्ति तो परिवार की ही होगी, इसलिए पूरा परिवार दंडित किया जाएगा।