बाबा वेंगा के नाम पर भविष्यवाणियों की दुकानदारी

3 सितंबर प्रातःकालीन सत्र।

किसी विदेशी ने यह भविष्यवाणी की है कि नवंबर की किसी तारीख को प्रलय आ जाएगा। किसी एक व्यक्ति ने यह भी भविष्यवाणी की है कि अगले 17 वर्षों के बाद यह दुनिया खत्म हो जाएगी। किसी पेशेवर व्यक्ति द्वारा लगातार बाबा बंगा के नाम पर भविष्यवाणी की जाती है। कोई नस्त्रेदमस के नाम पर अपनी दुकान चला रहा है। अन्य भी भविष्यवाणियों के नाम पर अनेक पेशेवर लोग पूरे भारत में सक्रिय हैं। और मीडिया इन सब दुकानदारों के साथ मिलकर अपनी भी दुकानदारी चलाता रहता है।

मेरा अपना मानना है कि कोई भी इस तरह की भविष्यवाणी संभव नहीं है, जो गणित के आधार पर ना हो अथवा तर्क के आधार पर ना हो या विज्ञान के आधार पर ना हो। यह ग्रह, राशि या अन्य किसी भी प्रकार के अतार्किक भविष्यवाणियों का कोई प्रभाव नहीं होता है। यही कारण है कि मैं भविष्यवाणियों से बचता हूं और विश्वास भी नहीं करता।

फिर भी मेरा यह मानना है कि हम समाज के सामने आने वाली समस्याओं के कारण और समाधान प्रस्तुत करें। यदि हम समस्याओं का समाधान प्रस्तुत करेंगे, तब लोग इस प्रकार के भविष्यवक्ताओं से दूर होना शुरू हो जाएंगे और धीरे-धीरे आप पर लोगों का विश्वास बढ़ेगा।

मेरा यह मानना है कि हम बार-बार गलतियों के खिलाफ लोगों को सावधान करने की तुलना में उन गलतियों का एक समाधान दे दें। दूध में मिलावट हो रही है, इस बात की चिंता करना उतना अधिक उपयोगी नहीं है, जितना यह है कि हम शुद्ध दूध का प्रचार करें और शुद्ध दूध उपलब्ध करावें।

निकम्मे लोग वर्तमान बुराइयों की ही चर्चा करते हैं, उनका समाधान नहीं बताते। मेरा हम सब साथियों से निवेदन है कि हम बुराइयों की चर्चा ना करके समाधान पर अधिक चर्चा करें।