समानता के नाम पर स्वतंत्रता का नियंत्रण

हम वर्तमान राजनीतिक षड्यंत्र पर चर्चा कर रहे हैं। राजनेता हमेशा यह प्रयत्न करता है कि स्वतंत्रता को बाधित करने के लिए समानता का नारा बुलंद किया जाए, क्योंकि स्वतंत्रता पर नियंत्रण के लिए समानता को ही सबसे प्रभावी हथियार बनाया जा सकता है।

राज्य यह जानता है कि दुनिया में कोई भी दो व्यक्ति समान योग्यता के नहीं होते। किसी की योग्यता एक हो सकती है और किसी की निन्यानवे; यह अंतर बहुत बड़ा हो सकता है। फिर भी राज्य हमेशा समानता का नारा देता है, क्योंकि समानता के नाम पर ही स्वतंत्रता छीनी जा सकती है—और कोई दूसरा सरल तरीका नहीं है।

राज्य अक्सर इसी तरीके का उपयोग करता है। यही प्रक्रिया लगातार भारत में भी दिखाई देती है। संविधान में समानता से जुड़े प्रावधानों को शामिल करके स्वतंत्रता को सीमित करने के प्रयास हुए, और आज हम देख रहे हैं कि हमारी लगभग सारी स्वतंत्रताएँ किसी न किसी रूप में राज्य की दया पर निर्भर हो गई हैं।

राज्य चाहे तो हमारे विवाह पर, चाहे तो वोट देने पर, चाहे तो खान-पान पर, और चाहे तो हमारे बाहर निकलने तक पर नियंत्रण लगाने की क्षमता रखता है—भले ही हमने कोई गलती की हो या न की हो।

स्पष्ट है कि ऐसी स्थिति में हम कई मामलों में राज्य के आदेशों पर निर्भर हो गए हैं। इसलिए आवश्यक है कि हम स्वतंत्रता और समानता के बीच एक संतुलन स्थापित करने पर विचार करें। हमें ऐसा प्रयास करना चाहिए कि समानता के नाम पर राज्य को अनावश्यक हस्तक्षेप करने की वैधानिक सुविधा न मिल सके।