नई राजनीतिक व्यवस्था में शुद्धता की गारंटी

19 अप्रैल प्रातःकालीन सत्र। नई राजनीतिक व्यवस्था के अंतर्गत हम इस बात की पूरी गारंटी देंगे कि कोई भी वस्तु मिलावटी नहीं होगी। जो भी वस्तुएँ मिलेंगी, उनमें किसी तरह की मिलावट को अपराध माना जाएगा। मिलावट और मिश्रण को अलग-अलग माना जाएगा। मिलावट तभी अपराध होगी जब वह किसी जालसाजी या धोखा देने की नियत से की गई हो। यदि मिलावट करने में मिलावट करने वाले की धोखा देने की नियत सिद्ध नहीं होती है, तो उस मिलावट को मिश्रण माना जाएगा।

वर्तमान कानून में मिलावट और मिश्रण के बीच फर्क नहीं किया गया है, न ही नियत का कोई आधार है। इसीलिए समाज में कानून की दृष्टि से बहुत मिलावट है, जबकि वास्तव में मिलावट उतनी नहीं है। हम इन दोनों शब्दों को बिल्कुल अलग-अलग करेंगे और किसी भी मामले में मिलावट रोकने की गारंटी देंगे।

यदि कोई मिलावट पाई जाती है, तो उसके लिए प्रभावित व्यक्ति को मुआवजा भी दिया जाएगा। हम सिर्फ वस्तुओं में ही नहीं, बल्कि भविष्य के लिए इतिहास, साहित्य, समाचारों या अन्य किसी भी क्षेत्र में मिलावट को जालसाजी मानकर उसे कठोरता से नियंत्रित करेंगे। किसी भी प्रकार की मिलावट से सुरक्षा देना सरकार का दायित्व होगा।